शहर में सोमवार को हुए कोरोना ब्लास्ट के बाद मंगलवार कुछ राहत भरा रहा और चार नए संक्रमित सामने आए। जोधपुर में सोमवार कोरोना काल का सबसे बुरा दिन रहा और एक ही दिन में 89 पॉजिटिव मिले थे। आज सुबह मिले चार मरीजों के साथ कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 725 हो गई। शहर में अब तक कोरोना से 13 लोग अपनी जान गंवा चुके है।
साेमवार काे कुल 3514 सैंपल की रिपाेर्ट आई, इनमें से 89 यानी 2.53 प्रतिशत पाॅजिटिव मिले। हालांकि इनमें से केवल 6 सैंपल ही 2 व 3 मई के थे। बाकी सभी पाॅजिटिव आए सैंपल 22 से 28 अप्रैल के बीच लिए गए थे। पॉजिटिव आए सभी राेगियाें काे बाेरानाडा के काेविड केयर सेंटर व एमजीएच में भर्ती किया गया है। वहीं मथुरादास माथुर अस्पताल से साेमवार काे एक साथ 10 और राेगियाें काे स्वस्थ हाेने पर डिस्चार्ज किया गया। अब तक 209 यानी कुल संक्रमित मरीजाें में से 28.98 प्रतिशत राेगी ठीक हाे चुके हैं।
15 दिन पहले दिया सैंपल पॉजिटिव निकला
उम्मेद चौक निवासी महेंद्र बोहरा ने 15 दिन पहले विजय चौक डिस्पेंसरी में सैंपल दिया था, जिसकी रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई। इन 15 दिन में वे कई जनों से मिले। इधर उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई, वहीं उनकी मां का देहांत हो गया। हालांकि बोहरा की मां का सैंपल नेगेटिव आया।
शहर में 20 से ज्यादा पॉजिटिव होम आइसोलेट
केंद्रीय गृह मंत्रालय के होम क्वारेंटाइन की नई गाइडलाइन के बाद शहर में कोरोना के पॉजिटिव मरीजों को होम आइसोलेशन करना शुरू कर दिया है। शहर में 20 से ज्यादा कोरोना के पॉजिटिव मरीज होम आइसोलेशन में हैं। 27 अप्रैल को आदेश जारी होने के बाद जो जिनके बड़े मकान हैं, वहां मरीजों के रहने की बंध पत्र के साथ अनुमति दी जा रही है। इसमें पड़ोसी से गारंटी ली जा रही है। संभवत: पॉजिटिव मरीजों को होम आइसोलेट की अनुमति देने वाला जोधपुर पहला शहर है। इन मरीजों से दो दिन पहले कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने वीसी से उनके स्वास्थ्य व उपचार की जानकारी ली थी। ये परिवार से अलग कमरे में रह रहे हैं। वहीं अस्पताल की तरह ही इन्हें डॉक्टर ने दवाइयां लिखी हैं।
15 सबसे संक्रमित शहरों में जोधपुर
देश में कोरोना से 15 सबसे संक्रमित शहरों में जोधपुर शामिल है। जबकि मृत्यु दर में13वें नंबर पर सिर्फ दिल्ली, चेन्नई हमसे पीछे है। जोधपुर में काेराेना को राेकने के लिए जरूरी है कि सैंपल की रिपोर्ट जल्द से जल्द आए। इससे ही इसे अतिशीघ्र रोका जा सकेगा। यह बात मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को जिलेवार वीसी के दौरान जोधपुर में कोरोना के बढ़ते आंकड़ों को देखकर कही। उन्होंने जिले में रोकथाम में लगे प्रशासनिक अधिकारियों व चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को अधिक प्रयास करने के निर्देश भी दिए।